कलियर पुलिस की कार्रवाई, नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
पिरान कलियर। ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर नाबालिग को डरा-धमकाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाने और घटना का वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को पिरान कलियर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ पहले से भी पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज होने की बात सामने आई है।

मामले के अनुसार, उर्स मेला 2026 के दौरान एक होटल में नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना हुई थी। पीड़िता की मां ने पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया कि आरोपी ने उसकी नाबालिग बेटी के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और इस संबंध में वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। आरोपी की तलाश में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और मैनुअल पुलिसिंग के जरिए भी सुराग जुटाए गए। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी दानिश को पिरान कलियर से गिरफ्तार कर लिया।

पहले भी पॉक्सो एक्ट में दर्ज है मुकदमा
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दानिश पुत्र मेहरबान, निवासी मुकर्रबपुर, कोतवाली पिरान कलियर, उम्र 25 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। वर्तमान मामले में अन्य संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में कोतवाली कलियर प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, उपनिरीक्षक करुणा रौंकली (कोतवाली गंगनहर रुड़की), अपर उपनिरीक्षक कुंदन सिंह, हेड कांस्टेबल माजिद खान और हेड कांस्टेबल इसरार अली शामिल रहे।