AWN Foundation की नात-ए-पाक प्रतियोगिता में बच्चों ने बिखेरा हुनर
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
रुड़की। माह-ए-रबीउल अव्वल के मुबारक महीने के अवसर पर AWN Foundation की ओर से नगर निगम हॉल, रुड़की में भव्य नात-ए-पाक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जनपद हरिद्वार के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों एवं मदरसों से आए 40 से अधिक बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम में प्रतिभागी बच्चों ने बेहद खूबसूरत अंदाज़ में नात-ए-पाक पेश की। उनकी प्रस्तुतियों में मोहब्बत, अकीदत और अदब की झलक देखने को मिली। मौजूद लोगों एवं अभिभावकों ने बच्चों की हौसला-अफ़ज़ाई करते हुए उनकी प्रस्तुतियों को खूब सराहा।

प्रतियोगिता में शान-ए-मुस्तफ़ा ने प्रथम, मिर्ज़ा सलीम ने द्वितीय तथा नदीम अख़्तर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जबकि अन्य प्रतिभागी बच्चों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया गया।

गणमान्य लोगों ने की शिरकत
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सुरजीत सिंह गांधी, चेयरमैन अल्पसंख्यक आयोग, देशराज कर्णवाल, कैबिनेट मंत्री उत्तराखंड सरकार तथा कुँवर जावेद इक़बाल, सेंट मार्क्स एकेडमी सहित शहर के अनेक गणमान्य एवं मौज्ज़िज़ हज़रात मौजूद रहे।

बच्चों में मोहब्बत-ए-रसूल ﷺ पैदा करना उद्देश्य
AWN Foundation के सेक्रेटरी कुँवर शाहिद ने बताया कि माह-ए-रबीउल अव्वल के अवसर पर संस्था की ओर से हर वर्ष विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसी क्रम में इस वर्ष का पहला कार्यक्रम नात-ए-पाक प्रतियोगिता के रूप में आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल बच्चों के बीच मुकाबला कराना नहीं, बल्कि छोटी उम्र से ही उनके दिलों में मोहब्बत-ए-रसूल ﷺ, अदब और अकीदत की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि बच्चों की आवाज़ के माध्यम से मोहब्बत-ए-रसूल ﷺ का पैग़ाम हर तरफ पहुंचाने की संस्था की कोशिश है।

आयोजन को सफल बनाने में इनका रहा योगदान
कार्यक्रम को सफल बनाने में आसिफ अली उर्फ़ हैदर, आरिफ अली, बिलाल खान, गुड्डू साबरी, इनाम साबिर, संस्था के पैट्रन अमजद उस्मानी एवं आरिफ नियाज़ी का विशेष योगदान रहा।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों और उनके अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला। विभिन्न मदरसों एवं शैक्षणिक संस्थानों से आए बच्चों ने पूरे अदब और आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रस्तुतियां दीं।
अंत में AWN Foundation की ओर से सभी प्रतिभागी बच्चों, अभिभावकों, शिक्षकों, मदरसों एवं शैक्षणिक संस्थानों तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का शुक्रिया अदा किया गया।