हज ट्रेनर बनने के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू, 23 अगस्त तक कर सकेंगे आवेदन
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
पिरान कलियर। हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई की ओर से हज-2027 के लिए हज ट्रेनर के चयन हेतु योग्य एवं इच्छुक अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। हज कमेटी ने इसके लिए सर्कुलर संख्या-05 दिनांक 7 अगस्त 2026 जारी किया है।

जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार हज ट्रेनर पद के लिए आवेदक की शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट या समकक्ष होनी चाहिए। उच्चतर शैक्षिक योग्यता रखने वाले तथा सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) का ज्ञान रखने वाले अभ्यर्थियों को साक्षात्कार में 5 अतिरिक्त अंक दिए जाएंगे। हालांकि, इन प्रोत्साहन अंकों सहित साक्षात्कार का कुल स्कोर 20 अंकों से अधिक नहीं होगा।

25 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए आयु
हज ट्रेनर के लिए आवेदक की आयु 25 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आवेदक का हज किया हुआ होना भी आवश्यक है। पिछले पांच वर्षों में हज कर चुके आवेदकों को चयन में प्राथमिकता दी जाएगी।
इसके अलावा आवेदक को अंग्रेजी, उर्दू, हिंदी और स्थानीय भाषा का पर्याप्त ज्ञान होना चाहिए। आवेदक का शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ होना, कंप्यूटर साक्षर होना तथा हज सुविधा ऐप से परिचित होना भी आवश्यक है।

हज के अनुष्ठानों, रसद और बड़ी सभाओं को संबोधित करने की क्षमता का पर्याप्त ज्ञान रखने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। आवेदक को अपने विरुद्ध कोई आपराधिक कार्रवाई लंबित न होने के संबंध में स्व-सत्यापित शपथ पत्र भी प्रस्तुत करना होगा।

11 से 23 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन
हज ट्रेनर के लिए ऑनलाइन आवेदन हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई की वेबसाइट पर किया जा सकता है। आवेदन की प्रक्रिया 11 अगस्त 2026 से शुरू होकर 23 अगस्त 2026 तक चलेगी।
हज ट्रेनरों के चयन के लिए 30 अगस्त 2026 को कंप्यूटर बेस टेस्ट (CBT) आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी निर्धारित अवधि में अपना आवेदन कर सकते हैं।

हज कमेटी ने स्पष्ट किया है कि चयन प्रक्रिया से संबंधित अन्य नियम एवं शर्तें हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई के सर्कुलर संख्या-05, दिनांक 07-08-2026 के अनुसार लागू होंगी।
Comments (2)
Mohamad Afzal
I am interested Haj Trenar
Mohamad Afzal
I am interested Haj Trenar