कलियर उर्स के बीच बिजली संकट से पहाड़ी गेट और मुकर्राबपुर के लोग बेहाल
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
पिरान कलियर। दरगाह साबिर पाक का सालाना उर्स अपने चरम पर है, लेकिन उर्स के दौरान दरगाह के पहाड़ी गेट और मुकर्राबपुर बस्ती के लोगों को लगातार बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग द्वारा इन क्षेत्रों के साथ कथित रूप से दोहरा रवैया अपनाया जा रहा है। जहां दरगाह के आसपास के अन्य बाजारों और बस्तियों में विद्युत आपूर्ति अपेक्षाकृत सुचारु रहती है, वहीं पहाड़ी गेट और मुकर्राबपुर में बार-बार बिजली गुल होने से लोग बेहाल हैं।

स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों के अनुसार पिछले करीब तीन माह से बिजली कटौती का सिलसिला लगातार जारी है। कभी रोस्टिंग के नाम पर तो कभी बिजली की लाइन और तार बदलने के नाम पर घंटों बिजली बंद कर दी जाती है। उर्स के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो गई है। दिन-रात बिजली की आंख-मिचौली से दुकानदारों के कारोबार पर असर पड़ रहा है, जबकि भीषण गर्मी में घरों में रहने वाले बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे भी परेशान हैं।

बिजली कटौती से पानी का संकट भी गहराया
बिजली आपूर्ति बाधित होने का सीधा असर पानी की व्यवस्था पर भी पड़ रहा है। बिजली नहीं होने से पानी की मोटरें नहीं चल पा रही हैं, जिसके कारण लोगों को पेयजल और रोजमर्रा के इस्तेमाल के पानी के लिए भी परेशानी उठानी पड़ रही है। उर्स में बड़ी संख्या में जायरीन पहुंच रहे हैं, ऐसे में पहाड़ी गेट क्षेत्र में बिजली-पानी की समस्या स्थानीय लोगों के साथ-साथ जायरीनों के लिए भी परेशानी का कारण बन रही है।

‘अन्य क्षेत्रों में बिजली चालू, हमारे यहां ही क्यों कटौती?’
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि लाइन में कोई तकनीकी खराबी या जरूरी कार्य है तो विभाग को इसकी स्पष्ट जानकारी और निर्धारित समय बताना चाहिए। लोगों का सवाल है कि आसपास के अन्य बाजारों और बस्तियों में बिजली आपूर्ति चालू रहने के बावजूद पहाड़ी गेट और मुकर्राबपुर क्षेत्र में ही बार-बार कटौती क्यों की जा रही है।

दुकानदारों का कहना है कि उर्स जैसे महत्वपूर्ण मौके पर बिजली व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर सुचारु रखा जाना चाहिए था, लेकिन लगातार कटौती ने उनकी परेशानी बढ़ा दी है। बिजली नहीं होने से दुकानों में गर्मी और उमस के बीच बैठना मुश्किल हो रहा है।

अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप की मांग
स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों से मामले का तत्काल संज्ञान लेकर पहाड़ी गेट और मुकर्राबपुर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति की जांच कराने, अनावश्यक कटौती पर रोक लगाने और उर्स के दौरान निर्बाध विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि कोई जरूरी लाइन मरम्मत या तार बदलने का कार्य चल रहा है तो उसे व्यवस्थित तरीके से पूरा किया जाए और जनता को परेशान किए बिना वैकल्पिक व्यवस्था की जाए।
उर्स के दौरान हजारों जायरीनों की मौजूदगी को देखते हुए स्थानीय लोगों ने प्रशासन से भी बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय कर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है, ताकि लोगों को गर्मी, अंधेरे और पानी के संकट से राहत मिल सके।