आदर्श कॉलोनी दुर्गा मंदिर समिति का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
रुड़की। आदर्श कॉलोनी, अशोक मार्ग रामनगर स्थित दुर्गा मंदिर समिति का स्थापना दिवस प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रद्धा और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। स्थापना दिवस के अवसर पर मंदिर परिसर में माता की चौकी का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से माता का गुणगान किया।

कार्यक्रम में बीएसएम शिक्षण संस्थान एवं वरिष्ठ भाजपा नेता एडवोकेट ममतेश कुमार शर्मा तथा एडवोकेट रजनीश कुमार शर्मा ने विधि-विधान से ज्योत प्रज्वलित कर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, रुड़की की महापौर श्रीमती अग्रवाल तथा भाजपा उपाध्यक्ष संजय अरोड़ा ने मंदिर पहुंचकर माता के दर्शन किए और पूजा-अर्चना में हिस्सा लिया। इस अवसर पर मंदिर समिति एवं मंदिर के पुजारी मनोज सेमवाल द्वारा सभी अतिथियों का पटका पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम के संयोजक नगर निगम रुड़की के वार्ड नंबर 38 के पार्षद मनीष वाल्मीकि रहे।

कार्यक्रम में गणमान्य व्यक्तियों एवं श्रद्धालुओं की भी उपस्थिति रही। इनमें श्री पी.एस. अग्रवाल, सुखपाल शर्मा, श्री इंद्र लाल, वी.पी.एस. तोमर, राजीव भारद्वाज, नीरज शांडिल्य, सुशील तोमर, प्रवीण मेहंदी दत्ता, पंकज सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। सभी ने माता की चौकी में शामिल होकर सुख-समृद्धि एवं क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
स्थापना दिवस के अवसर पर मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा और श्रद्धालुओं ने माता के जयकारों के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया।