बारिश ने खोली साबरी जामा मस्जिद की व्यवस्थाओं की पोल, दीवारों से रिसकर अंदर पहुंचा पानी
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
कलियर। बारिश के बाद कलियर स्थित साबरी जामा मस्जिद में दीवारों से पानी का रिसाव होने के कारण परिसर में पानी भर गया। इससे नमाज और इबादत के लिए पहुंच रहे जायरीनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इन दिनों दरगाह साबिर पाक के सालाना उर्स और मेले के चलते कलियर में बड़ी संख्या में अकीदतमंद पहुंच रहे हैं, ऐसे में मस्जिद के अंदर पानी जमा होना व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रहा है।

गुरुवार को उर्स के दौरान कुल शरीफ की रस्म अदायगी भी हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में जायरीन इबादत और नमाज के लिए मस्जिद पहुंचे। लेकिन बारिश का पानी अंदर आने के कारण नमाजियों को साफ-सुथरी जगह तलाशने में परेशानी हुई। कई स्थानों पर पानी जमा होने से लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा।
सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों को उठानी पड़ी। अकीदतमंदों का कहना है कि उर्स के दौरान मस्जिद में रोजाना बड़ी संख्या में लोग नमाज और इबादत के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में बारिश के पानी की निकासी और रिसाव रोकने की समुचित व्यवस्था पहले से होनी चाहिए थी। उधर, उर्स के दौरान कुछ स्थानों पर सफाई व्यवस्था को लेकर भी लोगों में नाराजगी दिखाई दी।
जायरीनों का कहना है कि जब बड़ी संख्या में अकीदतमंद कलियर पहुंच रहे हैं, तब धार्मिक स्थलों पर साफ-सफाई और पानी की निकासी जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं का बेहतर होना बेहद जरूरी है।
अकीदतमंदों ने संबंधित जिम्मेदारों से मस्जिद के अंदर जमा पानी को तत्काल बाहर निकालने तथा दीवारों से हो रहे रिसाव को रोकने की मांग की है। साथ ही दोबारा बारिश होने की स्थिति में पानी मस्जिद के अंदर न पहुंचे, इसके लिए स्थायी इंतजाम किए जाने की मांग उठाई है।