पिरान कलियर दरगाह में ठेके को लेकर विवाद गहराया, दुकानदारों ने ठेका निरस्त करने की उठाई मांग
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
पिरान कलियर। कलियर स्थित दरगाह साबिर पाक में सोहन हलवा एवं हलवा पराठा के ठेके को लेकर विवाद सामने आया है। शीरमाल दुकानदारों ने संयुक्त मजिस्ट्रेट एवं दरगाह प्रशासक को प्रार्थना पत्र देकर संबंधित ठेके को निरस्त करने की मांग की है। दुकानदारों का आरोप है कि इस वर्ष सोहन हलवा एवं हलवा पराठा का ठेका मुन्तज़िर पुत्र महमूद निवासी मुकर्बपुर, पिरान कलियर को दिया गया है। आरोप है कि ठेकेदार शीरमाल की दुकानों को भी ठेके में शामिल होने की बात कहकर दुकानदारों पर दबाव बना रहा है तथा अवैध उगाही का प्रयास कर रहा है। इतना ही नहीं, मौके पर पहुंचकर दुकानों को बंद कराने का भी आरोप लगाया गया है।

प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि इससे शीरमाल बेचकर परिवार का पालन-पोषण करने वाले गरीब दुकानदारों की आजीविका प्रभावित हो रही है। दुकानदारों का यह भी कहना है कि ठेके की शर्तों के अनुसार केवल निर्धारित संख्या में ही दुकानें लगनी चाहिए, जबकि नियमों के विपरीत आठ से दस दुकानें लगवाई जा रही हैं, जो पूरी तरह नियमों का उल्लंघन है।
दुकानदारों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित ठेका निरस्त करने तथा नियमों के अनुरूप व्यवस्था लागू करने की मांग की है। प्रार्थना पत्र पर कई शीरमाल दुकानदारों के हस्ताक्षर और मोबाइल नंबर भी दर्ज हैं। पत्र पर 2 जुलाई 2026 की प्राप्ति मुहर भी अंकित है।