गुमशुदगी की गुत्थी सुलझी तो खुला खौफनाक कत्ल का राज, अंकित को रास्ते में घेरकर मारा और बाइक समेत गंगा में डुबो दिया!
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
हरिद्वार। दो अगस्त की रात अचानक लापता हुए शिवपुरी रायसी निवासी अंकित चौहान की गुमशुदगी का मामला आखिरकार सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर में तब्दील हो गया। लक्सर पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए गांव के ही चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक कारोबार और पारिवारिक रंजिश के साथ-साथ खनन की मुखबिरी को लेकर चल रही दुश्मनी के चलते अंकित की हत्या की गई। वारदात के बाद सबूत मिटाने के लिए शव को मोटरसाइकिल से बांधकर गंगा नदी में डुबो दिया गया।

2 अगस्त की रात घर लौट रहा था अंकित, फिर अचानक हो गया लापता
पुलिस के अनुसार शिवपुरी रायसी निवासी अंकित चौहान 2-3 अगस्त की रात अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गया। उसका मोबाइल फोन भी बंद हो गया। परिजनों की सूचना पर कोतवाली लक्सर में गुमशुदगी दर्ज की गई। मामला गंभीर होने के कारण पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।

CCTV से लेकर मोबाइल लोकेशन तक खंगाली, खुलती चली गई हत्या की कड़ी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी लक्सर के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। संदिग्ध मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल और टावर लोकेशन का विश्लेषण किया गया। तकनीकी साक्ष्यों के साथ मैनुअल पुलिसिंग के जरिए भी अहम सुराग जुटाए गए।

जांच आगे बढ़ी तो पुलिस का शक मृतक के गांव के ही रहने वाले चार लोगों—सचिन, मेहकार, कुलवंत और अंकित चौहान उर्फ फौजी—पर गहराने लगा।
पूछताछ में खुला राज, खनन की मुखबिरी बनी हत्या की वजह

पुलिस के मुताबिक चारों आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि अंकित चौहान कथित तौर पर ट्रैक्टर-ट्रॉली से होने वाले खनन की मुखबिरी करता था और पुलिस को सूचना देकर उन्हें पकड़वा देता था। इससे आरोपियों को आर्थिक नुकसान होने की बात सामने आई।
इसी रंजिश में अंकित को रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई।

रास्ते में घेरकर हत्या, फिर बाइक से बांधकर गंगा में फेंका
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बताया कि 2 अगस्त की रात अंकित मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में घात लगाकर उसकी मोटरसाइकिल रोक ली गई और उसकी हत्या कर दी गई।
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को मोटरसाइकिल से बांधा और शिवपुरी गांव के पास खुसरो की ठोकर के नजदीक गंगा नदी में डुबो दिया, ताकि वारदात का सबूत मिटाया जा सके।

SDRF के गोताखोर गंगा में उतरे, बरामद हुआ शव और बाइक
आरोपियों की निशानदेही के बाद पुलिस उन्हें बताए गए स्थान पर लेकर पहुंची। गंगा नदी में शव और मोटरसाइकिल होने की जानकारी मिलने पर SDRF की टीम को गोताखोरों के साथ मौके पर बुलाया गया।
कड़ी मशक्कत के बाद SDRF के गोताखोरों ने गंगा में डूबी मोटरसाइकिल और उससे बंधा अंकित का शव बरामद कर लिया। इस बरामदगी के बाद पुलिस ने गुमशुदगी के पीछे छिपे कत्ल के राज से पर्दा उठा दिया।
मुख्य आरोपी पहले भी हत्या के मामले में जा चुका है जेल

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में अंकित चौहान उर्फ फौजी मुख्य आरोपी है। वह पूर्व में थाना खानपुर से जुड़े एक हत्या के मामले में जेल जा चुका है।
एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ अधिक से अधिक साक्ष्य जुटाए जाएंगे और दोषियों को न्यायालय से कड़ी सजा दिलाने के लिए प्रभावी पैरवी सुनिश्चित की जाएगी।
गिरफ्तार किए गए चार आरोपी
सचिन पुत्र पवन, निवासी शिवपुरी रायसी, हरिद्वार
मेहकार पुत्र पवन, निवासी शिवपुरी रायसी, हरिद्वार
कुलवंत पुत्र कल्लू, निवासी शिवपुरी रायसी, हरिद्वार
अंकित चौहान उर्फ फौजी पुत्र सुरेश पाल, निवासी शिवपुरी रायसी, हरिद्वार

खुलासे में शामिल पुलिस टीम
प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोश्यारी के नेतृत्व में SSI नितिन चौहान, चौकी प्रभारी रायसी राजीव उनियाल, चौकी प्रभारी भीकमपुर यशवीर नेगी, कांस्टेबल अरविंद, ध्वजवीर, हिमांशु चौधरी, मुकेश, अनूप पोखरियाल, सुरेश तथा हेड कांस्टेबल महेंद्र सिंह चौहान और रविंद्र नगर समेत पुलिस टीम ने मामले के खुलासे में अहम भूमिका निभाई।