उर्स मेला 2026 को लेकर कलियर पुलिस ने कसी कमर, जनप्रतिनिधियों व गणमान्य नागरिकों के साथ की अहम बैठक (देखे वीडियो)
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
पिरान कलियर। आगामी उर्स मेला 2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर कलियर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मेले के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं को बेहतर माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुलिस लगातार स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से समन्वय स्थापित कर रही है।

इसी क्रम में थाना कोतवाली पिरान कलियर में प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी की अध्यक्षता में कलियर नगर पंचायत क्षेत्र के पार्षदों, संभ्रांत नागरिकों एवं गणमान्य व्यक्तियों के साथ विचार-विमर्श बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी उर्स मेले के दौरान शांति व्यवस्था, आपसी सौहार्द, यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण तथा संभावित समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से मेले के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने कहा कि उर्स मेले को सकुशल संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि किसी भी बड़े धार्मिक आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पुलिस के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और सभी वर्गों की सहभागिता बेहद महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने सभी से आपसी भाईचारा, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

पुलिस की ओर से बैठक में मौजूद लोगों से उर्स मेले की व्यवस्थाओं को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव भी मांगे गए। अधिकारियों ने कहा कि स्थानीय लोगों के सुझावों और अनुभवों के आधार पर संभावित समस्याओं को पहले से चिन्हित कर उनका समय रहते समाधान किया जा सकता है।

बैठक में मौजूद पार्षदों, संभ्रांत नागरिकों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने पुलिस को आश्वस्त किया कि उर्स मेला 2026 को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने में पुलिस-जन सहयोग की भावना के साथ हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
पुलिस ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि मेले के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और कोई संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्या सामने आने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
इस अवसर पर वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश बिष्ट सहित अन्य बीट पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।